पवन को नहर से निकालती नवजोत ढिल्लो की टीम। स्त्रोत- स्वयं।
टोहाना। किला मोहल्ला निवासी पवन (33) सोमवार शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में फतेहाबाद ब्रांच नहर में कूद गया। पानी में डूबने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोर टीम की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया और नागरिक अस्पताल में रखवाया। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पवन ने सोमवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में छलांग लगा दी। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत इस बारे में गोताखोर नवजोत ढिल्लो टीम को सूचना दी। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक पवन की माता शीला देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि सोमवार को शाम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने नहर में छलांग लगा दी है। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित किया गया है। जांच अधिकारी जोगिंदर सिंह ने मृतक पवन की माता के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मृतक पवन के एक भाई और एक बहन हैं। दोनों शादीशुदा हैं। पवन अविवाहित था।