भूना में पुलिस हिरासत में नकली पुलिस के हेड कांस्टेबल की वर्दीधारी आरोपी विकासस्त्रोत पुलिस व
- फोटो : संवाद
भूना। पुलिस टीम ने शनिवार देर रात उकलाना रोड पर गश्त के दौरान बाइक चालक को रोका। युवक ने हरियाणा पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी। जब उससे आई कार्ड मांगा तो वह दिखा नहीं पाया।
इस पर युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से चिल्ड्रन बैंक के 600 नोट और आठ बंडल में नोटनुमा कागज बरामद हुए। वहीं मौका देख और अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक सवार दो अन्य युवक मौके से भाग गए। पुलिस ने आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान हिसार जिले के गांव बोबुआ निवासी विकास के रूप में हुई है।
वहीं आरोपी से जब पूछताछ की गई तो मौके से भागे दोनों आरोपियों की पहचान में सन्नी उर्फ अशोक वासी बोबुआ व सुनील वासी हंसेवाला बताया गया है। सब इंस्पेक्टर एवं जांच अधिकारी रविंद्र कुमार बिश्नोई की टीम गश्त कर रही थी। उनके साथ सब इंस्पेक्टर मंगल सिंह, एएसआई ज्योति प्रसाद, हेड कांस्टेबल रोशन लाल व शिव कुमार ने चेकिंग के दौरान पकड़ा।
मोटरसाइकिल से टोपी और बेल्ट हुई बरामद
पुलिस ने बाइक की चेकिंग कि तो उसमें से हरियाणा पुलिस की टोपी और बेल्ट मिली। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने नकली नोटनुमा कागजों की गड्डी रखकर जुर्म करने की नीयत और हरियाणा पुलिस की वर्दी पहने के आरोप में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही और बाकी दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।