फतेहाबाद। गांव शेखुपुर सोत्तर निवासी महिला को घर बैठे कमाई करने का लालच देकर 12,23,300 रुपये ठगने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव शेखुपुर सोत्तर निवासी मनिंद्र कौर ने बताया कि वह गृहिणी हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर घर बैठे रुपये कमाने का विज्ञापन देखा। इसके बाद उन्होंने विज्ञापन पर दिए मोबाइल फोन नंबर पर कॉल की तो उन्हें बताया गया कि आपको एक बैंक खाते में कुछ रुपये जमा करवाने हैं। इसके बाद आपको लाभ मिलने लगेगा। बातचीत पर विश्वास कर मनिंद्र ने 24 दिसंबर 2023 को दिए गए बैंक खाते में 36,500 की पहली राशि जमा करवा दी। इसके बाद वह राशि जमा करवाती रहीं। शुरुआत में उन्हें कुछ लाभ भी मिला।
इसका लालच बढ़ने पर उन्होंने सात मार्च 2025 तक अपने पति जगबीर सिंह और ससुर बलबीर सिंह के खातों से बताए गए खातों में 12,23,300 रुपये जमा करवा दिए। जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने कॉल और मैसेज का जवाब देना बंद कर दिया। इसके बाद ठगी का पता चलने पर उन्होंने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी।