टोहाना। गांव अमानी से बाइक सवारों दो चोरों ने बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जिसकी शिकायत सदर पुलिस को दी गई है। बाइक चोरी की यह वारदात कैमरे में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आया कि एक बाइक पर दो व्यक्ति आते हैं और उनमें से एक बाइक चोरी कर ले जाते हैं। बाइक मालिक ने इसकी फुटेज सदर पुलिस को दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव अमानी निवासी जगसीर ने बताया कि उसकी गांव के ही बस स्टैंड पर टायर पंचर की दुकान है। 9 मार्च की सुबह लगभग साढ़े 10 बजे अपनी बाइक दुकान के आगे खड़ी कर वह गांव के गुरुद्वारे में गया था।
गुरुद्वारे से वह 11 बजे के करीब दुकान पर लौटा तो देखा बाइक वहां पर नहीं है। इस पर उसने आसपास में बाइक की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। जगसीर ने बताया कि उसकी बाइक को चोरी करने वाले दोनों आरोपियों की हरकत बस स्टैंड पर लगे कैमरे में कैद हो गई। सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।