फतेहाबाद। हरनाम कॉलोनी में छह हजार की आबादी को नहरी पानी के लिए अभी और इंतजार करना पड़ रहा है। कॉलोनी में करीब 90 फीसदी क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन बिछ चुकी है लेकिन शेष 10 फीसदी हिस्से में पाइपलाइन नहीं डाले जाने के कारण नहरी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।
दूसरी ओर कॉलोनी में ट्यूबवेल से सप्लाई होने वाले पानी में टीडीएस की मात्रा अधिक होने से लोग परेशान हैं। करीब 90 लाख रुपये की लागत से पेयजल और सीवरेज व्यवस्था सुधारने का काम चल रहा है लेकिन काम की धीमी गति लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है।
जनस्वास्थ्य विभाग ने करीब छह महीने पहले पेयजल और सीवरेज लाइन बिछाने के लिए कॉलोनी की गलियां उखाड़ी थीं। इससे कई जगह पेयजल कनेक्शन भी टूट गए और लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। अब जाकर सीवरेज लाइन डालने का काम शुरू हुआ है।
गलियों की हालत खराब होने से आवागमन में भी परेशानी हो रही है। लोगों को उम्मीद थी कि कॉलोनी के वैध होने के बाद पेयजल व्यवस्था में सुधार होगा, लेकिन नहरी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं होने से उनकी परेशानी बरकरार है।
-
पाइपलाइन और बूस्टिंग स्टेशन तैयार, फिर भी सप्लाई का इंतजार
कॉलोनी में पेयजल पाइपलाइन बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। लक्ष्मी नगर में बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण भी पूरा हो गया है। इसके बावजूद नहरी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं होने से लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब जरूरी ढांचा तैयार है तो सप्लाई में देरी क्यों हो रही है। पार्षद प्रतिनिधि योगी हंसराज के अनुसार कॉलोनी के करीब 10 फीसदी हिस्से में पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है। इस संबंध में जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
-
ट्यूबवेल के पानी पर निर्भर छह हजार लोग
हरनाम कॉलोनी की आबादी करीब छह हजार है। फिलहाल यहां ट्यूबवेल के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। कॉलोनीवासियों महाबीर, कमला, सतबीर और सुनील इंदोरा का कहना है कि ट्यूबवेल के पानी में टीडीएस की मात्रा अधिक है जिससे उन्हें पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंता रहती है। उनका कहना है कि नहरी पानी की आपूर्ति शुरू होने से लोगों को राहत मिल सकती है। ऐसे में विभाग को शेष हिस्से में पाइपलाइन बिछाने और आपूर्ति शुरू करने का काम जल्द पूरा करना चाहिए।
-
हरनाम कॉलोनी में सीवरेज लाइन डालने का काम जारी है। पेयजल पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। सीवर लाइन का काम पूरा होने के बाद नहरी पानी की आपूर्ति शुरू की जाएगी।
- सतपाल रोज, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग।
शहर की हरनाम कॉलोनी में सीवरेज लाइन डालने के बाद बनाए गए चैंबर। संवाद