फतेहाबाद। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की ओर से गोदाम निर्माण के लिए जाखल को चिह्नित किया गया है, लेकिन जाखल पैक्स के पास स्वयं की भूमि उपलब्ध नहीं है। इस पर लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती की अध्यक्षता में आयोजित जिला सहकारी विकास समिति की बैठक में अधिकारियों को जमीन तलाशने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में अधिकारियों ने अवगत कराया कि पंचायत विभाग के पास धारसूल खुर्द, मंघेडा, म्योंद कलां, म्योंद खुर्द और मुन्दलिया में पंचायत भूमि उपलब्ध है, जिस पर नियमानुसार विचार कर गोदाम निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि भारत सरकार की मार्गदर्शिका, विशेषकर एनेक्सचर-4 में निर्धारित मापदंडों के अनुसार विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर विभाग को समयबद्ध रूप से प्रेषित की जाए।
पैक्स का होगा कंप्यूटरीकरण
बैठक में पैक्स कंप्यूटरीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सहायक रजिस्ट्रार ने बताया कि जिले की सभी पैक्स पूर्णत: कंप्यूटरीकृत हो चुकी हैं। वर्तमान में जिले में 36 जिला स्तर की पैक्स, 343 श्रम एवं निर्माण सहकारी समितियां, 22 सीएम पैक्स, 5 सहकारी विपणन समितियां और 145 बहुउद्देशीय समितियां कार्यशील हैं। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया, डीडीपीओ अनूप सिंह, डीडीएम नाबार्ड स्वर्णदीप, महाप्रबंधक केंद्रीय सहकारी बैंक वीरेंद्र मलिक, सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नरेंद्र सोनी माैजूद रहे।