भूना। टोहाना रोड पर स्थित सतगुरु कॉटन फैक्टरी में शनिवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया और लाखों का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर चार घंटे में काबू पाया।
फैक्टरी में शनिवार शाम रुई की पिनाई का कार्य चल रहा था। इस दौरान करीब 10 मजदूर अंदर काम कर रहे थे। अचानक कन्वेयर बेल्ट से चिंगारी उठी और देखते ही देखते रुई की गांठों में आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मजदूरों को जान बचाकर बाहर भागना पड़ा। गनीमत रही कि सभी मजदूर समय रहते बाहर निकल गए और कोई जान का नुकसान नहीं हुआ।
मजदूरों ने तुरंत फैक्टरी मालिक श्याम सुंदर भगेरिया व रहीसल कुमार को सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही फतेहाबाद, भूना, टोहाना व रतिया से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फैक्टरी मालिकों ने बताया कि आग लगने से मशीनें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं हैं। कई मशीनों के कल-पुर्जे भी आग की चपेट में आ गए।