जाखल के गांव तलवाड़ा के पास सड़क पर पलटी गाड़ी।
जाखल। गांव तलवाड़ा के पास शुक्रवार देर रात तूड़ी से भरी ट्राली की एक लाइट के कारण भ्रम की स्थिति बनने पर एक थार गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी सेफ्टी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि गाड़ी पलट गई, जबकि हादसे में गाड़ी सवार दोनों युवक बाल-बाल बच गए और कोई जनहानि से गनीमत रहीं।
जानकारी अनुसार गांव लखूवाली ढाणी निवासी सर्वजीत व लवप्रीत नई थार गाड़ी लेकर शुक्रवार को वह किसी काम से जाखल आए हुए थे। यहां काम निपटाने के बाद देर रात गांव लौटते समय गांव तलवाड़ा के पास यह हादसा हो गया। परिजनों के अनुसार, युवकों ने बताया कि सामने से तूड़ी की गांठों से भरी एक ट्राली आ रही थी, जिस पर केवल एक लाइट जल रही थी। अंधेरे में थार चालक को सामने से बाइक आने का भ्रम हुआ।
इसी दौरान वाहन को लेकर भ्रम की स्थिति बनी और थार अनियंत्रित होकर सेफ्टी रेलिंग से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। जाखल थाना प्रभारी बलराज सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।