फतेहाबाद के गुरूनानकपुरा चौकी के बाहर खड़ा पुलिस का शव वाहन संवाद
फतेहाबाद। रतिया रोड पर स्थित गुरुनानकपुरा पुलिस चौकी के सामने खेत में शुक्रवार सुबह इंसानी खोपड़ी मिली है। पुलिस ने पहचान और डीएनए (डीऑक्सीराइबोन्यूक्लिक एसिड) जांच के लिए उसे नागरिक अस्पताल के पोस्टमार्टम गृह में रखवाया है।
पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में भी जांच शुरू कर दी है। गुरुनानकपुरा चौकी क्षेत्र में पिछले दिनों चाकू मारकर दो हत्याएं हो चुकी हैं। चौकी इंचार्ज रमेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह हाईवे की तरफ खेत में इंसानी खोपड़ी होने की सूचना मिली। टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई है। डीएनए जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि खोपड़ी महिला की है या पुरुष की।