फतेहाबाद। बंदरों के उत्पात से कोर्ट परिसर भी अछूता नहीं है। वहां पर बंदर दिनभर उत्पात मचाते रहते हैं। कभी वे वाहन की सीट फाड़ डाल देते हैं तो कभी आने-जाने वाले का सामान छीन लेते हैं। ऐसे में वकीलों ने प्रशासन से बंदरों से निजात दिलाने की मांग की है।
वकीलों के अनुसार जिला कोर्ट परिसर में पिछले दो से तीन दिनों से बंदरों के झुंड ने उत्पात मचा रखा है। बंदरों का एक झुंड वीरवार को कोर्ट परिसर व चैंबर परिसर में घूमता रहा। बंदरों का झुंड कभी कोर्ट परिसर की दीवारों पर तो कभी पेड़ों पर व चैंबर परिसर के आसपास घूमता रहा। जिससे कोर्ट परिसर में वकील व आने जाने वाले लोगों में डर का माहौल बना रहा।
बंदरों के कारण टाइपिस्टों को भी डर के साये में काम करना पड़ रहा है। वकीलों को भी बंदरों का चेंबर में आने का डर लगा रहता है। जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में नगर परिषद प्रशासन को अवगत भी करवाया जा चुका है लेकिन कोई सुनवाई नहीं है।
- शहर में घूम रहा बंदरों का झुंड
शहर के नहर कॉलोनी, लाजपत नगर, अनाजमंडी क्षेत्र, जगजीवनपुरा मोहल्ला में बंदरों का झुंड घरों में घुसकर आतंक मचा रहा है। नहर कॉलोनी निवासी अमनदीप, रोहित ग्रोवर का कहना है कि बंदरों के कारण बच्चों को बाहर खेलने के लिए भेजने से डर लगता है। लाजपत नगर निवासी निर्मला, शशिकांत का कहना है कि छत पर बंदरों का झुंड आ जाता है उनके सामान को नुकसान पहुंचा रहा है।
-बंदरों के हमले से दो महिलाओं की टूट चुकी टांग
बंदरों के झुंड द्वारा हमला करने से दो-दो अलग-अलग मामलों में भीमां बस्ती निवासी दो महिलाओं की टांग टूट चुकी है। दोनों ने ही बंदरों से बचने के लिए छत से छलांग लगा दी थी। मामले को लेकर दो दिन तक नगर परिषद कार्यालय में हंगामा भी किया गया था। मामले के बाद नगर परिषद द्वारा टेंडर लगाया गया। नगर परिषद ने करीब 2200 रुपये प्रति बंदर के हिसाब से एजेंसी को ठेका दे रखा है। जबकि एजेंसी ने ठेका मिलने के बाद एक बार ही अभियान चलाया है।
- नगर परिषद प्रशासन इस तरफ जल्द से जल्द ध्यान दें और बंदरों को पकड़वाया जाए। कोर्ट परिसर में रोजाना हजारों की संख्या में लोग आते हैं। बंदर कभी भी किसी पर भी हमला कर सकते हैं। जिससे कोई भी व्यक्ति घायल हो सकता है।
- प्रदीप बैनीवाल, प्रधान, जिला बार एसोसिएशन, फतेहाबाद।
- शहर में बंदरों को पकड़ने के लिए एजेंसी को बुलाया जाएगा। जल्द ही बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलेगा ताकि शहरवासियों को परेशानी न हो सके।
- राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान, नगर परिषद, फतेहाबाद।