फतेहाबाद। थाना साइबर फतेहाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर विज्ञापन के बहाने 1.06 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में आरोपी गुरमीत उर्फ मंगल निवासी बालसमंद जिला हिसार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
थाना साइबर प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि मॉडल टाउन निवासी ज्योति ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विज्ञापन रिव्यू टास्क के नाम पर अधिक रिटर्न का लालच देकर ठगा गया। 31 जनवरी 2025 को व्हाट्सएप कॉल के जरिए पहले छोटे भुगतान कराए गए और फर्जी वॉलेट बैलेंस दिखाकर धीरे-धीरे बड़ी रकम वसूली गई। आरोपियों ने आखिरी बार 1.20 लाख रुपये की मांग की। जब शिकायतकर्ता ने और पैसे देने से इनकार किया, तो जमा राशि वापस नहीं की गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को न्यायालय में आरोपी को पेश किया, जहां से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।