समैन। टोहाना क्षेत्र में सरकारी स्कूलों के नाम पर ठगी का प्रयास सामने आया है। ठग खुद को एसडीएम कार्यालय का जेई बताकर क्रशर-बजरी विक्रेताओं से संपर्क कर रहा है। निर्माण कार्य का झांसा देकर 20 हजार रुपये खाते में डलवाने का प्रयास किया।
गांव अमानी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल परमजीत कुंडू ने बताया कि 26 अक्तूबर को गांव जमालपुर के विक्रेता प्रवीण के पास फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को भोड़िया खेड़ा स्कूल के प्रिंसिपल का परिचित और एसडीएम कार्यालय टोहाना में तैनात जेई पवन शर्मा बताया।
आरोपी ने स्कूल के लिए एक ट्राली क्रशर-बजरी भेजने को कहा। विश्वास जीतने के लिए दुकानदार के फोन-पे पर दो रुपये भेजे। फिर 20 हजार रुपये जमा कराने पर 50 हजार रुपये भेजने का झांसा दिया। 28 अक्तूबर को टोहाना में डीएवी स्कूल के पास एक अन्य विक्रेता से संपर्क किया गया। उससे अमानी स्कूल के नाम पर सीमेंट, रेता, बजरी और क्रशर की दो ट्रालियां भेजने को कहा गया।
कुंडू ने बताया कि उनके स्कूल में ऐसा कोई निर्माण कार्य नहीं चल रहा है। न ही सामग्री मंगवाई गई। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। उन्होंने दुकानदारों और स्कूल प्रभारियों से लिखित आदेश व पुष्टि के बिना सामग्री नहीं भेजने और अनजान क्यूआर कोड पर भुगतान नहीं करने की अपील की।