शहीद चौक निर्माण को लेकर बैठक करते किसान नेता। संवाद
टोहाना। हिसार रोड स्थित पक्का किसान मोर्चा पर शहीदी चौक के पुनर्निर्माण की निगरानी के लिए किसान संगठनों ने 10 सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी निर्माण कार्य की गुणवत्ता और शहीदों की गरिमा का ध्यान रखेगी।
शनिवार को किसान संगठनों की बैठक हुई। अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान लाभ सिंह ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निगरानी कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया। कमेटी में गुरदयाल सिंह, कृष्ण कुमार, लाभ सिंह, सूबे सिंह आर्य, पगड़ी संभाल जट्टा से महेंद्र सिंह और रामफल शामिल हैं।
अखिल भारतीय किसान सभा से मुंशी राम और बलवान सिंह नैन को सदस्य बनाया गया है। शहीद भगत सिंह किसान यूनियन से बलजीत संधू और अन्नदाता किसान यूनियन से उदय राज खारा भी कमेटी में शामिल हैं।
कमेटी अपनी देखरेख में शहीदी चौक का पूरा पुनर्निर्माण कार्य करवाएगी। बैठक में निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और कार्य को शहीदों की गरिमा के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया गया। नगर परिषद करीब 42 लाख रुपये की लागत से शहीदी चौक का पुनर्निर्माण करवा रही है।