फतेहाबाद के लालबत्ती चौक पर वाहनों की जांच करते हुए पुलिसकर्मी स्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद। लालबत्ती चौक पर सोमवार को यातायात पुलिस ने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान एक बुलेट बाइक चालक को रुकवाकर दस्तावेज जांचे गए। जांच में बाइक का साइलेंसर मोडिफाइड मिला। इस पर चालक पर 23 हजार रुपये का चालान किया गया।
यातायात थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि करीब 100 वाहनों के चालान किए गए है। अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। उन्होंने कहा कि कई वाहन चालक बिना हेलमेट, बिना कागजात या गलत तरीके से संशोधित वाहनों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है। अभियान के दौरान कई अन्य दोपहिया वाहनों के भी चालान काटे गए।