शहर के डांगरा रोड स्थित संतोख कॉलोनी के सामने कीकर टूटकर गिरने से बाधित रास्ता।
टोहाना। डांगरा रोड स्थित संतोख कॉलोनी के सामने कीकर के पेड़ की टहनी टूटकर बिजली के पोल पर गिर गई। इस कारण खंभा भी टूटकर सड़क पर जा गिरा। खंभा गिरने से तार टूट गए और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बाधित हो गई।
वहीं डांगरा रोड से निकलने वाले लोगों का रास्ता बाधित हो गया और उनको परेशानियों का सामना करना पड़ा। राहगीर विनोद, अमन व सुखपाल ने बताया कि डांगरा रोड शहर के लघु सचिवालय को जोड़ने वाला मुख्य रोड है। यहां पर लोगों का लगातार आवागमन रहता है। इस रोड पर अनेक सूखे पेड़ खड़े हुए हैं जो कभी भी टूट कर हादसे का कारण बन सकते हैं।
लोगों के अनुसार इससे पहले भी कि केएम स्कूल से कुछ दूरी पर एक पेड़ जड़ से उखड़कर गिरने से बाइक सवार बैंककर्मी की मौत हो गई थी। इसके बाद भी प्रशासन ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया। प्रशासन को सूखे पेड़ों की जांच करवाने के बाद इनको हटवाना चाहिए ताकि कोई हादसा न हो।