फतेहाबाद। जिले में मेडिकल कॉलेज की मांग ने फिर जोर पकड़ा है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने फतेहाबाद में निर्माणाधीन 200 बेड के अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में अपग्रेड करने की मांग उठाई है। उन्होंने इसे पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के नाम पर स्थापित करने की पैरवी की है। उनकी मांग को विधायक रणधीर परिहार और पूर्व विधायक दुड़ाराम ने भी समर्थन दिया है।
बिश्नोई मंदिर में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में प्रवीन जोड़ा ने यह प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा मिलने से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। आसपास के जिलों के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने हरियाणा के विकास में चौधरी भजनलाल के योगदान का हवाला देते हुए संस्थान का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की। इस पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने आश्वासन दिया कि वह मुख्यमंत्री के समक्ष यह मांग रखेंगे और उनसे बातचीत करेंगे। वहीं रसूलपुर में संत रविदास मेडिकल कॉलेज बनाने की पुरानी घोषणा अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई है।
रसूलपुर में 35 एकड़ जमीन, फिर भी प्रोजेक्ट अटका
तत्कालीन मुख्यमंत्री और मौजूदा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गांव रसूलपुर में संत रविदास मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की थी। वर्ष 2023 में ग्राम पंचायत ने इसके लिए करीब 35 एकड़ जमीन भी उपलब्ध करवा दी थी। इसके बावजूद परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।
85 फीसदी पूरा हो चुका निर्माण
फतेहाबाद में 200 बेड के अस्पताल की इमारत का करीब 85 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। मार्च 2027 तक काम पूरा होने की उम्मीद है। अब इस अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में अपग्रेड करने की मांग उठने से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। देखना होगा कि सरकार रसूलपुर की पुरानी घोषणा को आगे बढ़ाती है या निर्माणाधीन अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाने के प्रस्ताव पर फैसला लेती है।