फतेहाबाद। ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर बाढ़ व बारिश से खराब हुई फसलों के लिए अब तक जिले के 189 गांवों के 9947 किसानों ने 75 हजार 645 एकड़ में फसल खराबे के लिए आवेदन किया है। इसमें से पटवारियों द्वारा 61 हजार 255 एकड़ फसल की सर्वे भी किया जा चुका है। ई-क्षति पूर्ति पोर्टल बंद होने की अंतिम तारीख 25 अगस्त है।
ज्ञात रहे कि सरकार ने बाढ़ व बारिश से प्रभावित किसानों के लिए ई-क्षति पूर्ति पोर्टल को पहले 31 जुलाई तक खोला था। इसके बाद इसकी तारीख बढ़ाकर 10 अगस्त, इसके बाद 18 अगस्त और अब 25 अगस्त तक की गई है। ई-क्षति पूर्ति पोर्टल पर अब तक 189 गांवों के 9947 किसानों ने अपनी 75 हजार 645 एकड़ भूमि पर फसल खराब होने का दावा करते हुए आवेदन किया है। सबसे अधिक फसल खराबे के लिए रतिया के ग्रामीणों ने आवेदन किया है। इसके बाद फतेहाबाद का नंबर आता है। फसल खराबे की सूचना के लिए अंतिम तारीख फिलहाल 25 अगस्त है। वहीं दूसरी ओर राजस्व विभाग के रिकार्ड के अनुसार बारिश व बाढ़ के कारण जिले में एक लाख नौ हजार एकड़ फसल का नुकसान हुआ है। लेकिन अभी तक किसानों द्वारा फसली नुकसान का केवल 75 फीसदी ही आवेदन किया गया है।
खंड वाइज किसानों द्वारा डाली गई रिपोर्ट
खंड गांव किसान रकबा
भट्टूकलां 14 256 1381 एकड़
भूना 07 15 49.07 एकड़
फतेहाबाद 47 2519 19810 एकड़
जाखल 21 2163 15565.5 एकड़
कुलां 14 746 5608.56 एकड़
रतिया 66 4048 30690 एकड़
टोहाना 20 378 2540.95 एकड़
कोट
ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल अभी भी 25 अगस्त तक खुला हुआ है। जिन किसानों को नुकसान हुआ है, वह पोर्टल पर अपने फसल खराबे की जानकारी दे सकते हैं। पोर्टल में किसी प्रकार की कोई तकनीकी दिक्कत नहीं है।
-सुरेश कुमार, राजस्व अधिकारी, फतेहाबाद।