रतिया। गांव अहरवां स्थित शहीद उधम सिंह नर्सिंग कॉलेज में कार्यरत नर्सिंग ट्यूटर से ठगों ने पिता की एलआईसी पॉलिसी मेच्योर होने का झांसा देकर 95 हजार रुपए ठग लिए। पीड़िता वंदना ने पुलिस को बताया कि एक जनवरी को उसके मोबाइल फोन पर कॉल आई।
कॉल करने वाले ने खुद को एलआईसी कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसके पिता कुलबीर सिंह की बीमा पॉलिसी मेच्योर हो चुकी है और राशि उसके खाते में ट्रांसफर करनी है। आरोपी ने भरोसा दिलाने के लिए फोन पे के जरिए 40 रुपए भी भेजे। इसके बाद आरोपी ने कहा कि 95 हजार रुपये फोन-पे वॉलेट में भेज दिए गए हैं और राशि बैंक खाते में डालने के लिए फोन पे का पिन डालना होगा।
इस पर जैसे ही पीड़िता ने पिन डाला, खाते से चार ट्रांजक्शन में 95 हजार रुपए निकल गए। साइबर सेल फतेहाबाद ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है