फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से शनिवार को जिला मुख्यालय में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) लेवल-3 की परीक्षा आयोजित हुई। पहले दिन 9 केंद्रों पर लेवल-3 (पीजीटी) परीक्षा में 2653 परीक्षार्थियों में से 2474 परीक्षार्थियों ने एचटेट की परीक्षा दी जबकि 179 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। इससे पहले परीक्षा केंद्र के अंदर जाने के लिए परीक्षार्थियों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
सुरक्षा के चलते परीक्षार्थियों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। परीक्षार्थियों के पहले एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की जांच की गई। इसके बाद मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। परीक्षार्थियों को रुमाल तक अंदर नहीं ले जाने दिए गए। हाथों पर बांधे गए धागों को भी खुलवा दिया गया। इसके बाद परीक्षार्थियों के बाई आंख की स्क्रीनिंग की गई। नवविवाहिताओं को चूड़ा उतारने के लिए कहा गया तो वह उन्होंने मना कर दिया। डीइओ के हस्तक्षेप के बाद अच्छी तरह जांच के बाद अंदर भेजा गया।
वहीं महिला परीक्षार्थियों को नोज पिन के साथ केंद्र के जाने की जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके चलते महिलाओं के नोज पिन और कानों की बालियां खोलने में पसीने छूट गए। कई महिला परीक्षार्थियों को सुनार की दुकान पर जाना पड़ा। विभाग ने मंगलसूत्र पहनने और बिंदी और सिंदूर लगाने की छूट दे रखी थी लेकिन बालियां और नोज पिन डालने की अनुमति नहीं दी। वहीं महिला परीक्षार्थी अंदर जहां परीक्षा दे रही थी उनके परिजन बाहर बच्चों को संभालते हुए नजर आए।
क्रिसेंट कॉलेज के परीक्षा केंद्र पर दोबारा लेनी पड़ी बायोमेट्रिक
बोर्ड की तरफ से क्रिसेंट कॉलेज में भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां पर कुछ परीक्षार्थियों की दो बार बायोमेट्रिक लेनी पड़ी। बताया जा रहा है कि टीम ने बाई आंख की बायोमेट्रिक ली तो कुछ परीक्षार्थियों का डाटा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद दोबारा संबंधित परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक ली गई।
इन परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
चौधरी मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय भोड़िया खेड़ा- 1
एमएम कॉलेज ऑफ एजुकेशन
मनोहर मेमोरियल पीजी कॉलेज - 1
मनोहर मेमोरियल पीजी कॉलेज - 2
एपेक्स पब्लिक स्कूल
महाराजा अग्रसेन पब्ल्कि स्कूल
क्रिसेंट कॉेलेज ऑफ एजुकेशन - 1
क्रिसेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन - 2
चौधरी मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय भोड़िया खेड़ा - 2
जिला मुख्यालय में ही दिए गए परीक्षा केंद्र
एचटेट परीक्षा को लेकर जिला मुख्यालय में ही परीक्षा केंद्र दिए गए। रतिया, टोहाना, भूना, भट्टू क्षेत्र से परीक्षार्थी जिला मुख्यालय में परीक्षा देने के लिए पहुंचे। पहले परीक्षार्थियों को परीक्षा देने के लिए जिले से बाहर जाना पड़ता था।
आज होगी लेवल दो और एक की परीक्षा
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा लेवल दो और एक की परीक्षा आज होगी। लेवल दो की परीक्षा सुबह 10 बजे से लेकर साढ़े 12 बजे तक होगी। ये परीक्षा 10 केंद्रों पर होगी और इसमें 2970 परीक्षार्थी बैठेंगे। इसके अलावा लेवल एक की परीक्षा दोपहर 3 बजे से साढ़े 5 बजे तक होगी। इसमें 1609 परीक्षार्थी बैठेंगे। ये परीक्षा 6 ही केंद्रों पर आयोजित होगी।
परीक्षा से पहले और बाद में लगा जाम
एचटेट परीक्षा को लेकर शहर में दोपहर को और शाम को जाम की स्थिति रही। परीक्षा शुरू होने से पहले दोपहर दो बजे तक हिसार-सिरसा रोड पर जाम की स्थिति रही। इसके बाद शाम को जैसे ही परीक्षा खत्म हुई तो हिसार-सिरसा रोड और बस स्टैंड के पास जाम लग गया। बस स्टैंड पर भी काफी संख्या में परीक्षार्थी पहुंचे और बस का इंतजार करते रहे।
डीसी और सीटीएम ने की परीक्षा केंद्रों पर जांच
उपायुक्त प्रदीप कुमार और नगराधीश अंकिता वर्मा ने एचटेट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए परीक्षा केंद्र में बनाए गए कंट्रोल रूम, परीक्षा में उपस्थित तथा अनुपस्थित परीक्षार्थियों की जानकारी इत्यादि ड्यूटी पर तैनात केंद्र अधीक्षकों से ली। एसडीएम राजेश कुमार, डीईओ दयानंद सिहाग ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
कोट
एचटेट लेवल-तीन की परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुई है। एक परीक्षा केंद्र पर कुछ दिक्कत आई थी, इसके चलते कुछ परीक्षार्थियों की दोबारा बायोमेट्रिक ली गई।
- दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी।
फतेहाबाद में परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों की आंख की स्कैनिंग करते कर्मचारी।- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद में परीक्षा केंद्र के बाहर लगी महिला परीक्षार्थियों की लाइन।- फोटो : Fatehabad