पीएम के कार्यक्रम में 20 बसों के जाने से बिगड़ी रोडवेज की व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। रोडवेज की 20 बसों के एक साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र जाने से मंगलवार को कई ग्रामीण रूटों पर सेवाएं प्रभावित होने से पूरा दिन यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं लोकल रूटों पर बसों के फेरे कम होने के कारण अधिकारियों ने प्रभावित रूटों पर भीड़ के हिसाब से बसें चलाई जिस कारण रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भी समय पर बसें नहीं चलने से परेशानी हुई। वहीं मानावाली व किरढ़ान रूट पर दोपहर की बस नहीं चलने के कारण छात्राओं को करीब 2 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। रोडवेज टीएम सुभाष मोंगा ने भी ग्रामीण रूटों पर बसें कम चलने की बात को स्वीकार किया है। गौरतलब है कि मंगलवार को पीएम मोदी की कुरुक्षेत्र में जनसभा थी। इसी को लेकर जिला प्रशासन ने रोडवेज विभाग से कुल 20 बसें लोगों को कुरुक्षेत्र ले जाने के लिए हायर की थी। उक्त 20 बसें जिले के विभिन्न गांवों व ब्लॉकों से होती हुई पीएम मोदी की सभा में जाने वाले लोगों को कुरुक्षेत्र लेकर गई थी।
बॉक्स
छात्राओं को दो घंटे तक नहीं मिली बस
मंगलवार को ग्रामीण रूटों पर बसों के फेरे घटने व विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रभावित रूटों के समय में किए गए बदलाव के कारण गांव किरढ़ान, मानावाल व अहलीसदर की छात्राओं को बस के लिए करीब दो घंटे इंतजार करना पड़ा। यहां बता दें कि फेरे कम होने के कारण प्रभावित ग्रामीण रूटों पर भीड़ बढ़ती देख अधिकारियों ने बसों के चलने के समय में बदलाव कर दिया था। इसी कारण उक्त रूटों पर स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा और बसों में भीड़ बढ़ने से परेशानी का भी सामना करना पड़ा।
बॉक्स
इन ग्रामीण रूटों पर प्रभावित हुए बसों के फेरे
20 बसों के कुरुक्षेत्र जाने से जिले के 7 ग्रामीण रूटों पर बसों के फेरे प्रभावित हुए। प्रभावित हुए रूटों में किसी रूट पर एक तो किसी पर दो फेरे कम होने से जहां लोगों को बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा वहीं भीड़ बढ़ने से परेशानी भी हुई। मंगलवार को जिन रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हुई उनमें फतेहाबाद से मानावाल-किरढ़ान, भूथन-नाढ़ोड़ी-गिल्लाखेड़ा-करनौली, अहलीसदर, उकलाना व फतेहाबाद से भट्टू और एक फेरा भट्टू से हिसार का भी प्रभावित हुआ था।