दस दिन से काम कर रहे रोडवेज के 22 क्लर्क भी गए हड़ताल पर
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। पिछले दस दिन से चल रही रोडवेज हड़ताल में अब रोडवेज के क्लर्क भी शामिल हो गए हैं। शुक्रवार को हड़ताल के 11वें दिन रोडवेज के 22 क्लर्कों ने शामिल होने का ऐलान करके रोडवेज प्रशासन के लिए मुसीबतें बढ़ा दी हैं। क्लर्कों के एकाएक हड़ताल में शामिल होने के फैसले से रोडवेज के आला अधिकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी पुष्टि टीएम सुभाष अरोड़ा ने की है।
हड़ताल में क्लर्कों के शामिल होने से शुक्रवार को नए परिचालकों-चालकों की ड्यूटी लगाने का काम खुद रोडवेज महाप्रबंधक व अन्य अधिकारियों को ही करना पड़ा। आमतौर पर ड्यूटी आदेशों पर साइन करने वाले अधिकारियों को शुक्रवार को खुद ही ड्यूटी आदेश टाइप भी करने पड़े। रोडवेज विभाग में कुल 38 कर्मचारी बतौर क्लर्क काम कर रहे थे। इसमें से 17 क्लर्कों को हाल की भर्ती में शामिल किया गया था और इन दिनों वो प्रोबेशनल पीरियड में चल रहे हैं। इनको छोड़कर बाकी सभी 22 कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। ऐसे में विभाग में कामकाज की परेशानी और बढ़ने के आसार है।
रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नये भर्ती किए गए चालकों व परिचालकों के सहारे विभाग ने रोडवेज की कुल 80 बसों को विभिन्न रूटों पर चलाने का दावा किया है। जिनमें से 25 बसें टोहाना सब डिपो से चलाई गई। वहीं विभाग ने अब तक आउटसोर्सिंग पॉलिसी-1 के तहत शुक्रवार तक 110 परिचालकों व 78 चालकों की भर्ती कर ली है। रोडवेज महाप्रबंधक शंभु राठी ने इसकी पुष्टि की है।
रोडवेज विभाग में कुल 38 क्लर्क हैं जिसमें से 22 क्लर्कों ने लिखित में हड़ताल में शामिल होने का मैसेज दे दिया है। बाकी 17 क्लर्क हाल ही में रोडवेज में शामिल हुए थे। जिसके चलते वो प्रोबेशनल पीरियड में चल रहे हैं।
- सुभाष अरोड़ा, रोडवेज ट्रैफिक मैनेजर, रोडवेज फतेहाबाद।