अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। फतेहाबाद जिले में नशे की ओवरडोज के चलते एक और नौजवान की मौत हो गई है। जिले के टोहाना में एक आरएमपी चिकित्सक के बेटा दिलराज (27) नशे का ताजा शिकार बना है। पुलिस ने टोहाना के अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिवार ने मृतक का शुक्रवार शाम गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। पोस्टमार्टम करने वाली चिकित्सक के अनुसार मृतक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण ही हुई है। उसने किस नशे की ओवरडोज ली थी, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक दिलराज अविवाहित था और उसके पिता जहां टोहाना में आरएमपी चिकित्सक हैं तो माता पंजाब के मूनक में स्टाफ नर्स के तौर पर तैनात बताई गई है।
टोहाना में आरएमपी चिकित्सक का काम करने वाले अमरजीत ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि उसका बेटा दिलराज नशे का आदि था और वीरवार रात जब वह घर में आया तो नशे में धुत्त था। अमरजीत ने कहा कि गाड़ी घर में खड़ी करने के बाद एकाएक वह बेहोश हो गया, जिसके बाद परिजन उसे लेकर टोहाना के ही एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए लेकर गए थे। जहां शुक्रवार अलसुबह उसने दम तोड़ दिया। दिलराज की मौत के बाद निजी अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की सूचना टोहाना पुलिस को दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंची टोहाना पुलिस की टीम ने मृतक दिलराज के शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और कागजी कार्यवाही पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
इस मामले की जांच कर रहे पुलिस विभाग के एचसी महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पिता ने अपने बयानों में बताया है कि उसका बेटा नशे का आदि था। वीरवार रात उसकी तबीयत नशे की ओवरडोज के चलते बिगड़ गई और उपचार के दौरान निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम की औपचारिक रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्यवाही की जाएगी।
उधर, टोहाना के नागरिक अस्पताल में मृतक दिलराज के शव का पोस्टमार्टम करने वाली चिकित्सक डा. रितु ने बताया कि प्रथम दृष्टया नशे की ओवरडोज के चलते दिलराज की मौत हुई है। मृतक के शरीर में शराब एवं नशीली दवाई के कण मिले हैं। पूरी जानकारी तो पोस्टमार्टम की औपचारिक रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेगी।