अमर उजाला ब्यूरो
भट्टूकलां।
भट्टूमंडी और गांव की संयुक्त रुप से बनाई गई नवनिर्मित श्री कृष्ण प्रणामी शिव नंदीशाला में मंगलवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें भट्टू खंड के 6 गांवों में नव निर्मित नंदीशाला व गोशाला का उद्घाटन एक साथ स्वामी सदानंद महाराज ने किया। कार्यक्रम में हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन भानीराम मंगला ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। फतेहाबाद के एडीसी डॉक्टर जयकिशन आभीर ने अध्यक्षता की। इस कार्यक्रम में खाबड़ा कला, ढाबीकलां, ढिंगसरा, मानावाली, शेखुपुर दड़ौली सहित भट्टूमंडी व गांव की गोशाला व नंदीशालाओं का उद्घाटन किया गया।
स्वामी सदानंद महाराज ने कहा कि गऊ को माता का दर्जा प्राप्त है। व्यक्ति के जीवन में तीन माताओं को दर्जा मिला हुआ है। एक जन्म देने वाली मां, दूसरी धरती माता तथा तीसरी गऊ माता। इन तीनों का ही जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। गौ सेवा करने वाला व्यक्ति पुण्य का भागीदार बनाता है। इसलिए ऐसी सेवा में हर व्यक्ति को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गौसेवा के लिए समाज सेवी लोगों को आगे आने की जरूरत है ताकि गऊओं की दशा सुधारी जा सके। लोगों को अपने व्यस्त समय में से कुछ समय निकाल कर गोमाता की सेवा करनी चाहिए। इस अवसर पर स्वामी परमहंस महाराज, पशुपालन विभाग के उप निदेशक डा. काशीराम, देवीदयाल तायल फतेहाबाद, सरपंच बंसीलाल, सरपंच रोशनलाल, व्यापार मण्डल पूर्व प्रधान संजय सिंगला, अशोक भुकर, जयपाल बेंदा, रामकिशन गुज्जर, सरपंच भेराराम, रामचन्द्र सांगा, जगदीप गोदारा, रमेश कड़वासरा, पूर्व सरपंच होशियार सिंह, बृजमोहन सिंगला सहित अनेक लोग मौजूद थे।