अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
गांव जाखनदादी ढाणी के लोगों द्वारा प्लॉट व ग्रांट की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय के सामने दिया जा रहा धरना व भूख हड़ताल जारी है। सोमवार को महिलाओं ने पीएम व सीएम को चूड़ियां भेजकर अपना रोष जताया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि अगर 24 अप्रैल तक उनका कोई हल ना निकाला गया तो वह अपनी चोटियां काटकर सीएम को भेजेंगी।
वहीं उन्होंने चेताया कि अगर फिर भी उनकी समस्या हल ना हुई एसडीएम कार्यालय को ताला लगाने पर मजबूर होंगी। बुधवार को भूख हड़ताल के 10वें दिन दलजीत कौर, बिमला, बबली, रानी, कर्मजीत, शांति आदि महिलाएं बैठी। धरने को संबोधित करते हुए भवन निर्माण कामगार यूनियन के महासचिव राजेश चौबारा ने कहा कि गांव जाखनदादी के लोग पिछले कई दिनों से धरने व भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन उक्त लोगों को पंचायती जमीन से 10-10 मरले के प्लाट व मकान बनाने के लिए 2.30 लाख रुपये की ग्रांट दें, ताकि मजदूर अपने मकान बना सकें। भारतीय क्रांतिकारी मार्क्सवादी पार्टी के महासचिव तेजिंद्र रतिया ने कहा कि आज पूरे देश में भाजपा फेल हो चुकी है। सरकार ने मजदूरों, किसानों, महिलाओं, नौजवानों, छात्रों के साथ जो वायदे किए थे, सरकार उन वायदों से मुकर रही है। धरने को विभिन्न संगठनों ने अपना समर्थन दिया। इस मौके पर सुखविंद्र सिंह, सुखचैन रत्ताखेड़ा, परमजीत सिंह, हैप्पी, रोही, सुक्खा, संतरी बाई, सुरजीत सिंह सहित अनेक लोग मौजूद थे।