विष्णु नाढ़ोड़ी
फतेहाबाद। मंगलवार को जिले की बीस बसों के प्रधानमंत्री मोदी के कुरुक्षेत्र के कार्यक्रम में जाने तथा आगामी 15 फरवरी से रोजाना 5 रोडवेज बसों के गन्नौर एग्र्री समिट में जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। विदित है कि मंगलवार को पीएम मोदी कुरुक्षेत्र में स्वच्छता पर सभा आयोजित कर रहे हैें। ऐसे में जिला प्रशासन ने रोडवेज विभाग से उक्त कार्यक्रम में जिलावासियों को ले जाने के लिए रोडवेज से 20 बसें मांगी हैं। उक्त कार्यक्रम में 20 बसों के जाने से मंगवार को कई लोकल रूटों पर बसों के फेरे घटने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं विभाग के लिए राहत की बात है कि उक्त बसों का किराया जिला प्रशासन भरेगा। रोडवेज टीएम सुभाष मोंगा ने इसकी पुष्टि की है।
लोकल रूटों पर कम किए गए बसों के फेरे
रोडवेज टीएम सुभाष मोंगा ने बताया कि मंगलवार को जिला प्रशासन के आदेश पर 20 बसों को कुरुक्षेत्र भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त 20 बसों को भेजने के लिए कई लोकल रूटों के कुछ फेरे कम किए गए हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि केवल उन्हीं रूटों के फेरे कम किए गए हैं जिन रूटों पर सवारियां कम होती हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी रूट का एक से अधिक फेरा कम नहीं किया गया है। वहीं उन्होंने बताया कि उक्त 20 बसों के जाने से लंबे रूटों के फेरों पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ेगा।
15 से रोजाना गन्नौर जाएंगी 5 बसें, बागवानी विभाग देगा 4 लाख
बता दें कि 15 से 17 फरवरी तक गनौर में चलने वाले एग्री समिट के लिए विभाग लगातर तीन दिन तक रोजाना 5 बसें गनौर भेजेगा। गनौर जाने वाली बसें जिले के विभिन्न गांवों से एग्री समिट में जाने वाले किसानों को लेकर जांएगी। इसके लिए बागवानी विभाग रोडवेज को तीन दिन का कुल 4 लाख राजस्व किराए के रूप में देगा। रोडवेज टीएम सुभाष मोंगा ने इसकी पुष्टि की है।
कुरूक्षेत्र को गांवों से सवारियों को लेकर जाएंगी 10 बसें, बाकी 10 ब्लॉक से चलेंगी
मंगलवार को कुरूक्षेत्र जाने वाली रोडवेज की 20 बसों में से 10 बसें जिले के विभिन्न गांवों से सवारियों को लेकर जाएंगी। वहीं अन्य 10 बसें खंड स्तर से चलेंगी। जिनमें खंड के नजदीक लगते गांवों के लोग खंड तक पहुंचकर बसों में सवार होंगे। बता दें कि गांवों से होकर जाने वाली बसों के लिए उन गांवों को चुना गया है जो खंड मुख्यालय से ज्याद दूरी पर हैं। इनमें मुख्य रूप से करनौली, शहीदावाली, अकावाली कुलां आदि शामिल है। खंड स्तर से चलने वाली बसों में फतेहाबाद से 3, टोहाना व रतिया से दो-दो तथा भूना, भट्टू, जाखल व नागपुर से एक-एक बसें चलेंगी।
इन लोकल रूटों पर प्रभावित होंगी सेवाएं
एक साथ 20 रोडवेज बसों के कुरुक्षेत्र जाने से कई लोकल रूटों पर बसों के फेरे कम होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उक्त बसों के जाने से जिन लोकल रूटों पर सेवाएं प्रभावित होंगी उनमें मुख्य रूप से भूथन-हासंगा, बीराबदी, भूना, गोरखपुर,गिल्लाखेड़ा, अजीतनगर, धारिनयां, बीघड़ व शहीदावाली शामिल है।