अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को नेशनल अप्रैंटिसशिप प्रोमोशन स्कीम (एनएपीएस) की समीक्षा बैैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर उपायुक्त ने योजना के शत प्रतिशत क्रियान्वयन को लेकर सभी विभागों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि योजना के तहत जिला को विभिन्न विभागों में 900 प्रशिक्षु रखने का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें से 646 युवाओं को विभिन्न विभागों में शिक्षुता दिलवाई गई है। योजना के तहत आईटीआई से एक वर्ष का डिप्लोमा हासिल कर चुके शिक्षुओं को 7138 रुपये तथा दो वर्ष के डिप्लोमाधारक को 8030 रुपये बतौर प्रशिक्षणार्थी दिए जाते हैं।
डॉ. हरदीप सिंह ने शिक्षुता पोर्टल पर पंजीकरण न करवाने वाले संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे जल्द ही शिक्षुता पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एपीपीआरईएनटीआईसीईएसएचआईपी डॉट जीओवी डॉट आईएन पर शिक्षुता अधिनियम 1961 के तहत अपना पंजीकरण करवाएं। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने कार्यालय में शिक्षुओं की नियुक्ति के संबंध में आवश्यक कार्यवाही जल्द पूर्ण करे।
उपायुक्त ने कहा कि कई कार्यालय आईटीआई पासशुदा छात्र की बजाय फ्रेशर उम्मीदवारों को प्रशिक्षु लगा लेते हैं, जिस कारण आईटीआई पासशुदा छात्र शिक्षुता प्रशिक्षण से वंचित रह जाते हैं। इसलिए आईटीआई पासशुदा छात्रों को प्राथमिकता देना सुनिश्चित करें। डा. हरदीप सिंह ने बताया कि नैशनल अप्रैन्टिसशिप प्रोमोशन स्कीम लागू करने के लिए किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भोडिया खेड़ा के प्रधानाचार्य प्रधानाचार्य कम सहायक शिक्षुता सलाहकार बृजपाल बैनीवाल व प्लेसमेंट ऑफिसर एस आर चोपड़ा (9416339364) से संपर्क कर सकते हैं।