अमर उजाला ब्यूरो
भूना।
मंगलवार रात्रि साढ़े 8 बजे के करीब आसमानी बिजली गिरने से 220 केवी पावर हाउस सिंथला की दो मशीनें जल गई हैं। दोनों मशीनों की लागत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। इसके चलते पूरे शहर में रातभर बिजली गुल रही और शहर अंधेरे में डूबा रहा। रातभर निगम के एसडीओ, कनिष्ठ अभियंता व अन्य कर्मचारी मशीनों में तकनीकी खराबी दुरुस्त करने में जुटे रहे, किंतु कोई सफलता नहीं मिली।
बुधवार सुबह हिसार की टीम ने मौके पर पहुंचकर मशीनों की जांच की और मशीनों के बदलने का कार्य शुरू करवा दिया। मंगलवार रात्रि को क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में हो रही ओलावृष्टि के दौरान रात्रि साढ़े 8 बजे के करीब बिजली सिंथला 220 केवी पावर हाउस में स्थापित की गई वैक्यूम सर्कट ब्रेकर पर जा गिरी। बिजली गिरते ही दोनों मशीनेें जल गई और क्षेत्र की विद्युत सप्लाई ठप्प पड़ गई। विभाग के उपमंडल अधिकारी धर्मपाल शिला ने बताया कि नई मशीनों का आर्डर दिया जा चुका है और दोनों मशीनों को बदलने में 2 से 3 दिन लग सकते हैं। ऐसे में अस्थायी तौर पर भूना शहर की सप्लाई अन्य पावर हाउस से प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि कोशिश रहेगी कि अगले तीन दिन पूरी रात के अलावा दिन में भी सांय 3 बजे से 6-7 घंटे विद्युत सप्लाई प्रदान की जाए।