रतिया (सोनीपत)।
क्षेत्र के किसानों को मक्का का बीज न मिलने पर किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बीज लेने के लिए किसान कृषि विभाग के बाहर काफी देर तक खडे़ रहे। कृषि अधिकारियों ने कहा कि बीज आने पर उन्हें बीज वितरित कर दिया जाएगा।
बुधवार को बीज लेने आए किसान जसपाल, रोही राम, लक्खा सिंह, धर्मपाल, हरप्रीत, मुख्त्यार ने आरोप लगाया कि मक्का का बीज लेने के लिए वे बार-बार कृषि विभाग के कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें बीज नहीं दिया जा रहा है। कृषि विभाग की ओर से किसानों को मक्का का बीज निशुल्क वितरित किया जाना है, लेकिन बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें बीज नहीं मिल पा रहा है। कृषि विभाग के अधिकारी ने उन्हें हर बार टरका देते हैं। वहीं, खंड कृषि अधिकारी सुभाष हुड्डा का कहना है कि मक्का का जितना भी बीज आया था, उसे किसानों के बीच वितरित कर दिया गया है। अब जब और बीज आएगा तो उसे भी किसानों में वितरित कर दिया जाएगा।