स्थानीय बाबा राणाधीर चौक के पास शुक्रवार देर सांय पवन कुमार के मकान की छत गिरने से घायल हुए सात माह के बच्चे ने हिसार के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। शुक्रवार सांय बारिश के चलते ये हादसा हुआ। मकान की छत गिरने से इस हादसे में चार बच्चों सहित कुल छह लोग दब गए थे लेकिन पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को मलबे के ढेर से बाहर निकाल लिया था। उस वक्त सभी को उपचार के लिए भूना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया था जहां पर बाकी सभी की हालत सही थी लेकिन सात माह के बच्चे की तबियत बिगड़ने के चलते हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। शनिवार अलसुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के हवाले कर दिया।
पीड़ित परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना में कई बार कर चुका है आवेदन
बाबा राणाधीर चौक के पास वार्ड नंबर 6 निवासी 35 वर्षीय पवन कुमार पुत्र जगदीश प्रजापत ने बताया कि मकान की हालत खस्ता होने के कारण कई बार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पंचायत से लेकर नगर पालिका तक आवेदन करता आ रहा है लेकिन शुक्रवार को आई तेज बारिश व तूफान के कारण उसके घर में दो कमरों की छत जमीन पर आ गिरी। जिसके नीचे पवन कुमार व उसकी पत्नी सुमन देवी, 8 वर्षीय बेटी मंजू, 6 वर्षीय बेटी धापा व चार वर्षीय बेटी रानी तथा 7 महीने के गुरुदेव सिंह मलबे के नीचे दब गए। पड़ोसियों ने हाथों-हाथ निकाल लिया। परंतु मिट्टी के नीचे दबने से 7 महीने के मासूम बच्चे की हालत बिगड़ गई थी। जिसको भूना से पहले फतेहाबाद फिर हिसार ले जाया गया। प्राइवेट अस्पताल में उपचार के दौरान सात महीने के बच्चे ने दम तोड़ दिया। मृतक बच्चे के पिता की शिकायत पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है : जांच अधिकारी
पुलिस जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि मृतक बच्चे के पिता पवन कुमार के बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है। पीड़ित परिवार ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक मदद के लिए डीसी से गुहार लगाई है।