फतेहाबाद। जिले के मौसम में आए परिर्वतन के बाद पिछले एक सप्ताह से गेहूं की फसल की कटाई में तेजी आई है। इससे मंडियों में गेहूं की आवक बढ़ गई है। वीरवार को जिले में कुल 7,16,055 क्विंटल गेहूं की आवक हुई है।
वहीं उठान प्रक्रिया धीमी होने से 6,74,758 क्विंटल गेहूं मंडियों में ही है। जिससे अनाज मंडियां गेहूं से पूरी तरह से अट चुकी है। वीरवार को जिला खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से फतेहाबाद में खरीद शुरू करने से उठान में तेजी आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक गेहूं की कुल आवक 24,78,830 क्विंटल हुई है, जिसमें से खरीद 18,04,072 क्विंटल की हुई है। वहीं उठान मात्र 1,91,295 क्विंटल गेहूं का हो सका है।
इससे अनाज मंडियों में कुल 6,74,758 क्विंटल गेहूं का उठान शेष है। उठान प्रक्रिया धीमी होने से फतेहाबाद की अनाज मंडी में पहुंचने वाले किसानों को फसल की ढेरी रखने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। हालांकि अब जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के खरीद शुरू करने के बाद आढ़तियों को कुछ मंडी की खरीद व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद जगी है।
-
गाड़ियां ऑनलाइन नहीं होने से चालकों को करना पड़ रहा इंतजार
फतेहाबाद की पुरानी अनाज मंडी में गेहूं के उठान के लिए लगाई गई गाड़ियों के डाटा ऑनलाइन नहीं हो पाने से चालकों को परेशानी हुई है। इसको लेकर चालकों ने बताया कि वेबसाइट व्यस्त होने से गाड़ी लोकेशन अपलोड हाेने से दोपहर बाद उठान शुरू की गई।
-
सड़कों पर लग रही है ट्रैक्टरों की कतार
शहर की नई अनाज मंडी के बाहर धर्मकांटे पर वीरवार को करीब 50 से अधिक ट्रैक्टरों की लाइन लगी। इससे किसानों को ट्रैक्टर ट्रॉली का वजन करवाने के लिए करीब एक घंटे तक का इंतजार करवाना पड़ रहा है। वहीं इससे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। व्यापार मंडल के प्रधान के जगदीश भादू ने बताया कि उठान धीमी होने से मंडी में गेहूं की फसल रखने में परेशानी हो रही है। प्रशासन को उठान प्रक्रिया में तेजी लाने चाहिए।
:: मंडी में वीरवार को जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने खरीद शुरू की है। मंडी में खरीद व उठान कार्य पर जोर दिया जा रहा है। इससे प्रति दिन लाखों क्विंटल गेहूं की खरीद हो रही है। गेहूं की खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-यशपाल मेहता, मार्केट कमेटी सचिव, फतेहाबाद।