अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। गांव धांगड़ के पास मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में जिले के ड्रग इंस्पेक्टर राकेश छोकर की मौत हो गई। छोकर अपनी आई-20 कार से पानीपत के गांव नारायणा स्थित अपने घर से फतेहाबाद ड्यूटी पर आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धांगड़ के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर उनसे आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना दर्दनाक था कि ड्रग इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और छोकर के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। दोपहर बाद दिवंगत ड्रग इंस्पेक्टर राकेश छोकर के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि राकेश छोकर शनिवार को फतेहाबाद से पानीपत अपने घर गए थे और मंगलवार अलसुबह चार बजे के करीब पानीपत से फतेहाबाद के लिए निकले थे। परिजनों की मानें तो उनके पास तकरीबन साढ़े 8-9 बजे के करीब राकेश की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी पहुंची। परिजन पानीपत से फतेहाबाद पहुंचे तो अस्पताल पहुंचने पर उन्हें राकेश की मौत की जानकारी मिली।
शोक में बंद रही दवा दुकानें
सड़क हादसे में ड्रग इंस्पेक्टर राकेश छोकर की मौत का समाचार मिलते ही शहर भर के मेडिकल संचालक नागरिक अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। छोकर के निधन के शोक में मंगलवार को शहर के लगभग सभी मेडिकल संचालकों ने अपनी दुकानें बंद रखी और सिर्फ आपातकालीन सेवाओं को जारी रखा।
वर्जन
मृतक के चाचा अजमेर सिंह के बयान के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है,पूरे मामले की जांच की जा रही है।
आत्माराम, सदर थानाध्यक्ष, फतेहाबाद।