अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। गांव खैराती खेड़ा और ढाणी महताब से सोमवार सुबह स्कूली छात्राओं को लेकर दरियापुर की तरफ आ रहा एक ऑटो मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार 5 छात्राओं का मामूली चोटें आई जबकि 3 छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने छात्राओं को ऑटो से बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद 5 छात्राओं को घर भेज दिया जबकि गंभीर रूप से घायल 3 छात्राओं का इलाज नागरिक अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसारी सोमवार को गांव खैराती खेड़ा व ढाणी महताब की छात्राएं ऑटो में सवार होकर दरियापुर के राजकीय विद्यालय में आ रही थी। इसी दौरान गांव ढाणी महताब के पास ऑटो का संतुलन बिगड़ने से ऑटो पलट गया। जिससे ऑटो में सवार छात्राएं घायल हो गई। हादसे में नौवीं कक्षा सोनू, दसवीं कक्षा की बीटू व 11वीं कक्षा की वीरपाल को गंभीर चोटें आई। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।