अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
बिजली निगम की टीमों ने शनिवार को फतेहाबाद और रतिया के कई ठिकानों पर छापेमारी कर कई जगह बिजली चोरी पकड़ी और रतिया-फतेहाबाद में तकरीबन सात लाख 60 हजार रुपये जुर्माना बिजली चोरों पर ठोका है। फतेहाबाद शहर में बिजली छापे मारने वाली टीम में एसडीओ भजन सिंह के अलावा जेई मनोज, जेई बूटी राम और जेई वजीरचंद सहित कई बिजली कर्मचारी शामिल थे।
एसडीओ कंबोज ने कहा कि बिजली निगम की टीम ने फतेहाबाद में शनिवार अलसुबह शहर के इलाकों में छापेमारी करते हुए बिजली चोरों की धरपकड़ की। उन्होंने बताया कि टीम ने इस दौरान 14 लोगों को कुंडी लगाकर बिजली चोरी करते पकड़ा, जिन पर 3 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना ठोका है। एसडीओ भजन सिंह कंबोज ने बताया कि बिजली निगम की टीम ने शनिवार को गुरुनानकपुरा मोहल्ला, तहसील चौक, भट्टू रोड, बीघड़ रोड क्षेत्र में छापेमारी करते हुए करीब 14 जगहों पर बिजली चोरी के मामले पकड़े।
दूसरी ओर रतिया में भी बिजली निगम की टीम ने छापामार कार्यवाही को जारी रखा है। शनिवार को रतिया के एसडीओ अशोक पन्नु के नेतृत्व में गठित टीमों ने विभिन्न जगहों पर बिजली चोरी पकड़ते हुए लगभग चार लाख रुपये का जुर्माना ठोका। इस दौरान बिजली निगम की टीम ने रतिया में 12 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। एसडीओ पन्नु ने बताया कि जिन बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं पर जुर्माना लगाया है उन्हें निश्चित अवधि के अंदर जुर्माना भरने के निर्देश जारी किए गए हैं।
शनिवार को बिजली निगम के एसडीओ अशोक पन्नू के नेतृत्व में गठित दो टीमों में, जेई विजय कुमार, हनुमान, अरुण, धर्मपाल आदि शामिल रहे। टीम ने रतिया शहरी क्षेत्र के अलावा गांव चिमो, नन्हेड़ी आदि में छापामार कार्रवाई कर करीब एक दर्जन उपभोक्ताओं को रंगे हाथों बिजली चोरी करते पकड़ा।
26 जगह बिजली चोरी पकड़ी, साढ़े 7 लाख रुपये जुर्माना
फतेहाबाद में 14 जगहों पर 3 लाख 60 हजार और रतिया में 12 लोगों को भरने होंगे 4 लाख रुपये