अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद के नाम का ऐलान होते ही देश भर में उनके नाम की धूम मच गई। हर कोई कहीं न कहीं से उनसे अपना जुड़ाव बताने लगा। फतेहाबाद की बात करें तो एक समय ऐसा भी था जब फतेहाबाद में उनकी जनसभा के लिए टेंट वालों ने टेंट तक लगाने से इंकार कर दिया था। तब तत्कालीन भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष रहे भारत भूषण मिड्डा और महामंत्री प्रवीन जोड़ा और शम्मी ढींगड़ा ने खुद हथौड़े उठाकर टेंट लगाए थे।
तब जाकर रामनाथ कोविंद और अन्य केंद्रीय मंत्रियों की जनसभा हुई थी। आज रामनाथ कोविंद देश के अगले राष्ट्रपति बनने की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। वहीं उनके लिए टेंट लगाने वाले भारत भूषण मिड्डा इस समय सिरसा लोकसभा क्षेत्र के निगरानी कमेटी के संयोजक व बीजेपी व्यवस्था व प्रलेखन प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रमुख हैं और प्रवीण जोड़ा इस समय बीजेपी जिला उपाध्यक्ष हैं, जबकि शम्मी ढींगड़ा को प्रदेश सरकार ने अभी हाल में ही मनोनीत पार्षद नियुक्त किया है।
2002 सितंबर में कोविंद आए थे फतेहाबाद
दरअसल बात सितंबर 2002 की है जब भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने फतेहाबाद के बस स्टैंड के सामने स्थित अनाजमंडी के शेड के नीचे दलित चेतना रैली हुई थी। रैली में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया, मुन्नीलाल रंगा और महासचिव संघप्रिय गौतम ने शिरकत की थी। इस समय एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवर रामनाथ कोविंद उस समय बतौर अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाते फतेहाबाद आए थे। दरअसल उस समय बीजेपी ने ये रैली अनाजमंडी के शेड के नीचे रख दी, जिसका फर्श सीमेंट का बना हुआ था। टेंट लगाने आए मजदूरों ने ये कहते हुए टेंट लगाने से मना कर दिया कि सीमेंट के फर्श पर शामियाने हम नहीं लगा पाएंगे। इसके बाद ये जिम्मेदारी उस समय के नगर मंडल अध्यक्ष रहे भारत भूषण मिड्डा व उनके साथी प्रवीण जोड़ा व शम्मी ढींगड़ा ने संभाली। इन लोगों ने लगातार कई घंटे तक हथौड़ों की मदद से पाइप को सीमेंट के फर्श में गाड़ा तब जाकर रैली के लिए मंच और शामियाना तैयार हो सका और अगले दिन रैली हो सकी। भाजपा नेता महावीर प्रसाद उस समय बीजेपी जिलाध्यक्ष हुआ करते थे।
रामनाथ ने मिड्डा और जोड़ा की पीठ थपथपाई थी
जानकारी मिलते ही केंद्रीय मंत्रियों और रामनाथ कोविंद ने बीजेपी नेता भारत भूषण मिड्डा व प्रवीण जोड़ा को बुलाकर उनकी पीठ भी थपथपाई थी और नगर मंडल अध्यक्ष होने के नाते भारत भूषण मिड्डा को रामनाथ कोविंद सहित सभी नेताओं का स्वागत करने का अवसर दिया गया।
यादों के झरोखे से....
रामनाथ कोविंद की फतेहाबाद जनसभा में टेंट लगाने से मना कर दिया था मजदूरों ने
एनडीए के राष्ट्रपति उम्मीदवार रामनाथ कोविंद आ चुके हैं फतेहाबाद, मिड्डा और जोड़ा ने लगाया था टेंट
बीजेपी अनुसूचित प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर आए थे कोविंद, दो केंद्रीय मंत्री थे मुख्यातिथि
20एफटीबीपी14 : साल 2002 में फतेहाबाद जनसभा के दौरान संबोधित करते एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद । (फाइल फोटो)
20एफटीबीपी15 : साल 2002 में फतेहाबाद जनसभा में तत्कालीन केंद्रीय मंत्रियों का स्वागत करते रामनाथ कोविंद, साथ हैं भारत भूषण मिड्डा व महावीर प्रसाद । (फाइल फोटो)
20एफटीबीपी16 : फतेहाबाद जनसभा के दौरान स्वागत करते भारतभूषण मिड्डा व मंचासीन रामनाथ कोविंद । (फाइल फोटो)
20एफटीबीपी17 : रामनाथ कोविंद का स्वागत करते भाजपा नेता प्रवीण जोड़ा । (फाइल फोटो)