अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
नई अतिरिक्त अनाजमंडी की दुकानों की बोली 18 जुलाई को होगी। जिले में दूसरी बार फिर से दुकानों की बोली के लिए मार्केट कमेटी ई-नीलामी का सहारा लेगी। इससे पहले जाखल मार्केट कमेटी ने सब्जी मंडी की दुकानों के लिए ई-नीलामी का सहारा लिया था। हालांकि वह सिरे नहीं चढ़ सका और मजबूरन नीलामी प्रक्रिया को स्थगित करना पड़ा था। अब देखना दिलचस्प होगा कि फतेहाबाद मार्केट कमेटी प्रशासन क्या इस ई-नीलामी प्रक्रिया को सिरे चढ़ा पाता है या नहीं।
मार्केट कमेटी के सचिव संजीव सचदेवा ने बताया कि नई अतिरिक्त अनाजमंडी में ई-नीलामी के लिए मार्केटिंग कमेटी बोर्ड मुख्यालय की एक्सपर्ट टीम 22 जून की शाम 4 बजे बस स्टैंड के सामने स्थित सूचना केन्द्र पर ट्रेनिंग देगी।
दुकान खरीदने के इच्छुक बोलीदाताओं को ऑनलाइन आक्शन की ट्रेनिंग देगी। ई-ऑक्शन में भाग लेने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये की आरटीजीएस बतौर सिक्योरिटी राशि मार्केट कमेटी विभाग के खाते में जमा करवानी होगी। सचदेवा ने बताया कि नई अनाज मंडी के प्रथम फेज में लगभग 200 दुकानें हैं । उन्होंने बताया कि ये प्लाट केवल कमीशन एजेंटों के लिए है, इन दुकानों पर केवल आढ़त का काम किया जा सकेगा मेन रोड़ की तरफ के दुकानों के प्लाट किसान मार्केट के लिए तय किए गए हैं, इन दुकानों में किरयाणा, होटल सहित अन्य प्रशासन की शर्तों के अनुसार व्यवसाय किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि दुकान की न्यूनतम कीमत ई-ऑक्शन के समय ही निर्धारित की जायेगी। सचदेवा ने बताया कि बोली के बाद सफल बोलीदाता को 25 फीसदी राशि मार्केट कमेटी के खाते में जमा करवानी होगी और बाकी राशि 3 साल में 6-6 माह की किश्तों में देनी होगी।
फतेहाबाद में ई-नीलामी से बिकेंगी नई अनाजमंडी की दुकानें
जाखल में लगी थी बोली, सिरे नहीं चढ़ी
मार्केट कमेटी प्रशासन ने ई-नीलामी के लिए तय की 18 जुलाई की तारीख
जाखल में व्यापारियों ने नहीं दिखाया था उत्साह
20एफटीबीपी21 : सिरसा रोड़ स्थित नई अतिरिक्त अनाजमंडी, जिसके प्लाटों के लिए 18 जुलाई को ई-नीलामी रखी गई है।