जिले में धूमधाम से मनाई जाएगी संत कबीर जयंती : उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
संत कबीर की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार के लिए हरियाणा सरकार कबीर जयंती को सरकारी स्तर पर धूमधाम से मनाएगी। समारोह को भव्य रूप देने के लिए सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा संत कबीर के जीवन पर डॉक्यूमेंट्री तैयार की जा रही है। इसे सभी जिलों में आयोजित होने वाले समारोह में प्रदर्शित किया जाएगा। अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के प्रधान सचिव अनिल कुमार व सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरो ने जिला उपायुक्त एवं अन्य सम्बन्धी अधिकारियों के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 25 जून से 1 जुलाई तक होने वाले जिलास्तरीय समारोह में संत कबीर के दोहे तथा जनकल्याण को लेकर उनके द्वारा कही गई वाणियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस दिन संगीत संध्या का आयोजन भी किया जा जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि समारोह में कबीर दर्शन से जुड़े विशेषज्ञों, विद्वानों आदि के भी व्याख्यान करवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग की ओर से समारोह के उपलक्ष्य में पेंटिंग व ऑनलाइन क्विज का आयोजन भी जाएगा। समारोह के लिए प्रत्येक जिला में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीर पाल सरो ने कहा कि जिला स्तरीय समारोह के दौरान कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त डॉ हरदीप सिंह ने जिला कल्याण तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को संत कबीर जयंती के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले जिला स्तरीय समारोह के लिए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह में ऐसे वक्ताओं का एक पैनल तैयार किया जाए जो संत कबीर के जीवन व उनकी जुड़ी शिक्षाओं पर प्रकाश डाल सके। उन्होंने संत कबीर जयंती को हर्षोल्लास के साथ मनाने के संबंध में सभी पुख्ता प्रबंध करने के भी निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंस में सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा के संयुक्त निदेशक सुधांश गौतम, डॉ कुलदीप सैनी, डॉ वेद प्रकाश, डीईओ दयानंद सिहाग, डीडब्ल्यूओ बलवान सिंह, इंद्रा यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।