अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
बुढ़लाडा रोड स्थित जैन समाधि पर शहर की सुख-शांति व समृद्धि के लिए विशाल महामंत्र नवकार के जाप का आयोजन किया गया। इस जाप में उपप्रवर्तक स्वामी फूल चंद महाराज के शिष्य रत्न ज्योतिषाचार्य सत्यप्रकाश महाराज, गुुरु भक्त सुबोध मुनि महाराज एवं महासाध्वी निर्मला महाराज आदि साध्वियों ने नवकार मंत्र के जाप का उच्चारण किया व मंगल पाठ सुनाया। कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण की रस्म एसएस जैन सभा के पूर्व प्रधान पुष्पराज जैन द्वारा की गई। इस कार्यक्रम में रतिया के अलावा बुढ़लाडा, मानसा, बठिंडा, रोड़ी, कालांवाली, सरदूलगढ़, फतेहाबाद, टोहाना, कसान, मूनक आदि शहरों से भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सत्यप्रकाश मुनि महाराज ने कहा कि नववर्ष पर प्रत्येक व्यक्ति को सत्य व अहिंसा का वचन लेने का आहवान किया और कहा कि भगवान महावीर ने अहिंसा का जो पाठ पढ़ाया था उसका प्रत्येक श्रद्धालु को अनुसरण करना चाहिए। नवकार मंत्र ऐसा महामंत्र है, जोकि 84 लाख जूनी का भी सुधार कर देता है। जैन समाधि संस्था के प्रधान सुरेश जिंदल, सचिव कैलाश गर्ग, उप प्रधान अमृत गोयल व कोषाध्यक्ष मोहन जैन ने बताया कि जैन समाधि पर अस्पताल के साथ-साथ जैन धर्मशाला बनाने का भी विचार चल रहा है। जिस पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत आने की संभावना है। इस मौके पर रतिया निवासी पूर्व एडिशनल सॉलीसिटर जनरल मोहन जैन ने 11 लाख रुपये, पीएनबी के सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रेम चंद मित्तल 1 लाख 1 हजार रुपये तथा अन्य श्रद्धालुओं ने भी लाखों रुपये का दान देने की घोषणा की।