अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। गांव मिराना के पास कार व बाइक की टक्कर में 3 युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। घायलों में रियोंद निवासी छिन्द्र पुत्र जंगीर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में उपचाराधीन छिन्द्र ने बताया कि वह बुधवार सुबह अपने सहयोगी सेमा व कक्कन के साथ बाइक द्वारा गांव मिराना में तूड़ी भरने के लिए जा रहा था, तो गांव के बस स्टैंड के समीप ही पीछे से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी, जिसके चलते वह तीनों ही सड़क पर जा गिरे।
घायलों ने आरोप लगाया कि चालक लापरवाही से कार चला रहा था और दुर्घटना को अंजाम देने के पश्चात मौके से ही कार सहित फरार हो गया। उन्होंने बताया कि राहगीरों ने ही न केवल उन्हें रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया, बल्कि इसकी सूचना पुलिस को दी। उपरोक्त घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौकास्थल पर पहुंच गई और कार्रवाई आरंभ कर दी।