ढाणी चाननवाली के पास 10 किलो अफीम के साथ पकड़े गए तीन आरोपियों में से रिमांड पर लिए गए दो आरोपियों की सीआइए ने बैंक से लेन देने की डिटेल निकलवाई है। अफीम मंगवाने के लिए रुपयों को लेनदेन बैंक के द्वारा आनलाइन हुआ था। इसके अलावा ट्रक ड्राइवर के बैंक खाते में 50 हजार की राशि भी आनलाइन ट्रांसफर हुई थी।
पुलिस ने रिमांड पर लिए आरोपी सिरसा के कंगनपुरा निवासी ट्रक चालक अशोक तथा कार चालक सिरसा के खैरपुर निवासी ब्रहमजीत के बैंक खाते की डिटेल कब्जे में ली है। इसमें सामने आया है कि ब्रहमजीत ने झारखंड के मुख्य सप्लायर के बैंक खाते में 3.48 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके अलावा ट्रक चालक अशोक के खाते में भी 50 हजार रुपये डाले गए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि झारखंड के मुख्य सप्लायर ने यहां पर अफीम की आगे सप्लाई को लेकर आना था। मामले में आरोपियों का मंगलवार को रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। यहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले के मुताबिक रविवार को सीआईए ने ढाणी चाननवाली के पास पाइपों से भरे ट्रक के केबिन से 10 किलो अफीम बरामद की थी। मौके से ट्रक के ड्राइवर और परिचालक तथा अफीम लेने आए कार चालक को पकड़ा था। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में मामला दर्ज किया गया था।