फतेहाबाद के बनमंदोरी गांव में किसानों ने जलभराव से परेशान होकर समाधान शिविर में ड्रेन खुलवाने की मांग की। किसानों का कहना है कि बंद साइफन से फसलें बर्बाद हो रही हैं। अधिकारियों को समस्या निपटाने का जिम्मा सौंपा गया है।
फतेहाबाद। गांव बनमंदोरी में खेतों से जलभराव निपटने के लिए बनाई गई ड्रेन को खुलवाने के लिए किसान समाधान शिविर में पहुंचे। किसानों ने बताया कि नहर की बुर्जी नंबर 275 के पास सेमग्रस्त पानी को खेतों से ड्रेन में निकालने के लिए साइफन बनाया गया है लेकिन यह पिछले दो वर्षों से बंद है। इससे अभी भी खेतों में चार फीट तक जलभराव है। ऐसे में इस साइफन को खोलकर ड्रेन को फिर से शुरू किया जाए।
विज्ञापन
गांव बनमंदोरी के किसान विनोद कुमार, सुमन पंच, नरेंद्र कुमार, सोहनलाल, रामस्वरूप और राजेश कुमार ग्राम पंचायत पंच ने बताया कि खेतों में बारिश व सेमग्रस्त का पानी भरा हुआ है, जिससे खरीफ की फसलें बर्बाद हो गई है। जलभराव से खेतों व ढाणियों के रास्तों पर पानी भरा पड़ा है। इससे आवागमन बंद हो गया है। खेतों का सेमग्रस्त व जलनिकासी का पानी निकलवाने के लिए साथ लगते खेतों में करीब तीन किलोमीटर लंबी ड्रेन बनी हुई है।
फतेहाबाद ब्रांच बुर्जी नंबर 275 के पास नहर पुल के पास ड्रेन पर 2 वाटर पंप लगाए गए हैं। इससे खेतों का पानी निकासी के लिए सड़क के नीचे साइफन लगे हुई है, लेकिन अब यह साइफन बंद है और कुछ किसान इन साइफनों को खोलने नहीं दे रहे हैं। ऐसे में साइफन को खुलवाने के लिए प्रशासन से कई बार आग्रह किया है अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। इन साइफनों को खुलवाने के लिए किसान समाधान शिविर में पहुंचे है ताकि जल्द जल निकासी शुरू हो सके और किसान अपनी अगली रबी की फसलों की बुवाई कर सके। इसके बाद समाधान शिविर में पहुंचे किसानों का काम लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया है।