फतेहाबाद। हरियाणा सरकार की हैप्पी कार्ड योजना के तहत अंत्योदय परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में सालाना 1,000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है लेकिन कई लाभार्थियों को अब तक कार्ड नहीं मिले हैं। करीब 19 माह से 50 हजार लाभार्थी हैप्पी कार्ड के इंतजार में हैं। योजना साल 2024 में लोकसभा चुनावों से पहले लागू हुई थी और जुलाई 2024 में इसका विधिवत शुभारंभ किया गया था।
रोडवेज मुख्यालय की जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त 2024 तक आवेदन करने वाले लाभार्थियों के कार्ड भेज दिए गए थे। लेकिन उसके बाद आवेदन करने वाले करीब 50 हजार लाभार्थियों के कार्ड अब तक रोडवेज बस डिपो तक नहीं पहुंचे जिससे उन्हें योजना का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। जिले में कुल 1,55,097 लाभार्थियों के हैप्पी कार्ड बनकर तैयार हैं, जिनमें से 1,50,297 कार्ड वितरण हो चुका है, जबकि लगभग 4,800 कार्ड अब भी वितरण के लिए रुके हैं।
लाभार्थियों का कहना है कि उन्हें रोडवेज कार्यालयों के चक्कर काटने के बावजूद कोई ठोस जानकारी नहीं मिल रही। साेनू कुमार, मंजू रानी, राजकुमार और बलजीत बताते हैं कि उन्होंने 14 अगस्त 2024 के बाद आवेदन किया था लेकिन अब तक कार्ड नहीं आए हैं। योजना में उन अंत्योदय परिवारों को शामिल किया गया है जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है। पात्र सदस्य केवल 50 रुपये शुल्क देकर कार्ड बनवा सकते हैं, जबकि कार्ड की शेष लागत सरकार वहन करती है। रोडवेज की ओर से जानकारी दी गई है कि जैसे ही बाकी कार्ड मुख्यालय से प्राप्त होंगे, उनका वितरण तुरंत करवा दिया जाएगा।
रोडवेज यातायात प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि जिले के अधिकांश लाभार्थियों को कार्ड मिल चुके हैं और वे इसका लाभ ले रहे हैं। बाकी कार्ड जल्द ही वितरित किए जाएंगे।