फतेहाबाद। जिला वन विभाग कार्यालय में अधिकारियों व वन मित्र से बैठक करते अधिकारी। वन विभाग
फतेहाबाद। सरकार की वन मित्र योजना में पंजीकृत प्रत्येक वन मित्र कम से कम 10 और अधिकतम एक हजार पौधे लगा सकेगा। प्रत्येक पौधा लगाने पर 50 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी जबकि उसकी देखभाल के लिए प्रति पौधा लगभग 10 रुपये प्रतिमाह भी दिए जाएंगे। जिला वन अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण से जोड़ना और जिले में हरियाली बढ़ाना है।
वन विभाग कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को आयोजित वन मित्र योजना की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गई। बैठक की अध्यक्षता जिला वन अधिकारी राजेश कुमार ने की। इसमें विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। राजेश कुमार ने कहा कि मानसून शुरू होते ही पूरे जिले में व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की सुरक्षा तथा नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों से आमजन के बीच पहुंचकर पौधरोपण के महत्व का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया ताकि वन मित्र योजना जनभागीदारी का अभियान बन सके।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी प्रभावी होगा जब समाज का हर वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए। बैठक में रेंज ऑफिसर यशवीर, कश्मीर सिंह, सुरेंद्र भाटिया सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मानसून सत्र में पौधरोपण के निर्धारित लक्ष्य समय पर और प्रभावी ढंग से पूरे करने का संकल्प लिया।