फतेहाबाद के दमकल विभाग कार्यालय में आवेदन जमा करवाते हुए लोग संवाद
फतेहाबाद। दिवाली पर पटाखों की बिक्री से होने वाले मोटे मुनाफे की उम्मीद में इस बार लाइसेंस हासिल करने के लिए मारामारी है। शहर में पटाखों की 20 अस्थायी स्टॉल लगाने के लिए करीब 450 लोगों ने आवेदन किया है। यानी एक स्टॉल के लिए औसतन 22 से अधिक दावेदार हैं।
प्रशासन की ओर से सेक्टर में तीन दिन के लिए पटाखों की अस्थायी स्टॉल लगाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाइसेंस और जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने होंगे। लाइसेंस लेने के लिए लोग दमकल केंद्र में आवेदन लेकर पहुंच रहे हैं।
वहीं, एनओसी के लिए तहसीलदार के पास भी आवेदकों की भीड़ जुट रही है। दमकल केंद्र में ऐसे आवेदन भी पहुंचे जिसमें तहसीलदार कार्यालय के एनओसी सिफारिश के खाली फॉर्म पर हस्ताक्षर थे।
रात 8 बजे से 10 बजे तक अनुमति
वायु प्रदूषण न हो इसके लिए प्रशासन ने पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिलाधीश डॉ. विवेक भारती के आदेशानुसार राज्य के गैर-एनसीआर क्षेत्रों में भी पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से पटाखों की बिक्री और डिलीवरी भी प्रतिबंधित रहेगी। संयुक्त पटाखों यानी लड़ी और बेरियम सॉल्ट वाले पटाखों पर भी रोक रहेगी। केवल निर्धारित मानकों वाले ग्रीन पटाखे ही तय समय में जलाए जा सकेंगे। दिवाली पर रात आठ से दस बजे तक ही ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति होगी। क्रिसमस और नववर्ष की पूर्व संध्या पर रात 11:55 से 12:30 बजे तक आतिशबाजी की जा सकेगी।
-
पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. विवेक भारती, उपायुक्त, फतेहाबाद।