फतेहाबाद। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों पर तबादलों की गाज गिरी है। विभाग में पहली बार एचकेआरएन के तहत कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों के बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं।
प्रदेशभर में 44 डाटा एंट्री ऑपरेटरों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है। इनमें कई कर्मचारियों के तबादले करीब 150 किलोमीटर तक दूर किए गए हैं। तबादलों को लेकर दिवाली से पहले ही आदेश जारी कर दिए गए थे लेकिन अब संबंधित ऑपरेटरों को रिलीव किया गया है। इसके चलते कर्मचारियों को नए जिलों में जाकर कार्यभार संभालना पड़ रहा है।
तबादलों की सूची में फतेहाबाद और हिसार के ऑपरेटर भी शामिल हैं। फतेहाबाद में खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) कार्यालय में तैनात अमन का तबादला हिसार किया गया है। वहीं हिसार में तैनात इंदु को फतेहाबाद भेजा गया है। इस फेरबदल से दोनों जिलों में कंप्यूटर ऑपरेटरों की तैनाती में बदलाव हुआ है।
कम्प्यूटर ऑपरेटरों का कहना है कि इतने कम वेतन में 150 से 200 किलोमीटर दूर भेज दिया गया है। जबकि एचकेआरएन में यह पॉलिसी नहीं है। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग में एचकेआरएन के माध्यम से लगे कंप्यूटर ऑपरेटरों के तबादले पहली बार इतनी बड़ी संख्या में किए जाने से कर्मचारियों में भी चर्चा है।
-
मुख्यालय की तरफ से डाटा एंट्री ऑपरेटर के तबादले हुए है। फतेहाबाद में भी डीईओ का ट्रांसफर हुआ है।
- रवि राठी, एफएसओ