अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने वीरवार को लघु सचिवालय स्थित बैठक कक्ष में चालू खरीफ सीजन के दौरान धान, बाजरा की खरीद के बारे में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि एक अक्तूबर से बाजरा व धान की खरीद के मद्देनजर सभी खरीद एजेंसियां आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला के बाहर से कोई भी व्यक्ति अनाज मंडियों व परचेज सेंटरों पर फसल लेकर प्रवेश न करने पाए, इसके लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाए। सभी अनाज मंडियों व परचेज सेंटरों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाना सुनिश्चित किए जाए। इसके अतिरिक्त जिला की सीमा के साथ लगती राजस्थान, पंजाब आदि अन्य प्रदेश की सीमाओं पर नाके लगवाना सुनिश्चित करे।
डॉ. आभीर ने कहा कि जिला के किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारीगण आवश्यक प्रबंध करे। उन्होंने मार्केट कमेटी अधिकारियों को मंडियों में शौचालय की व्यवस्था सुदृढ़ करने के आदेश देते हुए मंडी में बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुचारू करने को कहा। उन्होंने कहा कि फसल खरीद के दौरान सभी खरीद केंद्रों पर खरीद कार्य की निगरानी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फस्ल का उठान व भुगतान सरकार के निर्देशानुसार और निर्धारित समयावधि में हो। मंडी में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला की मंडियों व परचेज सेंटरों पर धान की खरीद हेतु राज्य सरकार द्वारा हिदायतों व मीटिंग पॉलिसी जारी की जा चुकी है, उसकी पालना सुनिश्चित करते हुए किसान की फसल को खरीदे। किसानों से अपील करते हुए उपायुक्त ने कहा कि वे अपनी फसल को निर्धारित मानकों के अनुसार अच्छी प्रकार से सुखा कर व साफ करके ही मंडियों व परचेज सैंटरों में लाएं, ताकि उन्हें अपनी फसल को बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न आए और उन्हें अपनी फसल का उचित मूल्य मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि इस बार धान व चावल की फर्जी आवक यानि राइस मीलर द्वारा दूसरे प्रदेशों से सस्ती दरों पर जीरी व चावल को रोकने के लिए और राईस मीलर द्वारा सरकारी चावल न लौटाने जैसे परेशानियों से निपटने के लिए सरकार ने ठोस कदम उठाए है। डीएफएससी, मार्केटिंग बोर्ड, सैल टैक्स सहित राइस मीलर एसोसिएशन के सदस्य को शामिल करके पांच सदसीय स्पेशल टीम गठित की गई है। यह टीम जिला की सभी राईस मीलों में छापेमारी करेगी। इतना ही नहीं सभी राइस मील को सरकारी खरीद शुरू होने से प्रवेश व निकासी द्वार दोनों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाने होंगे। तय मापदंड पूरा न करने पर राइस मीलर को इस बार मीलिंग का स्टॉक न देने के निर्देश है। इस अवसर पर एसडीएम सरजीत नैन, डीएफएससी प्रमोद कुमार, हैफेड डीएम राजेश हुड्डा, मार्केट कमेटी सचिव, खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि व अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।