जिले में कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा कम नहीं हो रहा है। शुक्रवार को जिले में तीन महिलाओं समेत चार कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है और 21 नए मरीज मिले हैं। राहत की बात यह है कि जिले में रिकवरी रेट 95.80 फीसदी तक पहुंच गया है। 58 संक्रमित शुक्रवार को स्वस्थ हुए है। जिले में फिलहाल अब 281 एक्टिव केस रह गए हैं। शुक्रवार को जिले में संक्रमण दर 1.52 फीसदी रही है जबकि मृत्यु दर 2.59 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फतेहाबाद शहर में 7, टोहाना, रतिया शहर और भूना में एक भी नया केस नहीं, रतिया ग्रामीण में 3, भट्टू में 5, बड़ोपल में एक तथा जाखल में 5 नए केस मिले हैं। जिले में शुक्रवार को 1707 कोरोना के सैंपल लिए गए है अभी फिलहाल 1031 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है।
जिले में ब्लैक फंगस से भूना निवासी 31 साल के युवक की अग्रोहा मेडिकल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। मरीज का अग्रोहा मेडिकल में उपचार चल रहा था। जिले में ब्लैक फंगस से मरने वालों की संख्या 13 हो गई है। जिले में दो नए केस मिले हैं। अब तक 47 आशंकित मरीज मिल चुके हैं और इसमें से 31 में पुष्टि हुई है।
जिले में ब्लैक फंगस से एक और कोरोना से चार की मौत हुई है। महामारी को लेकर लापरवाही न बरतें। अगर किसी को कोरोना के लक्षण हैं या फिर ब्लैक फंगस के लक्षण दिख रहे हैं तो जांच जरूर करवाएं। - डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी अधिकारी।