फतेहाबाद में सर्च अभियान के दौरान आपराधिक प्रवृति के लोगों के ठिकानों पर दबिश देने जाते पुलिसकर
फतेहाबाद। पुलिस विभाग की टीमों ने वीरवार सुबह पांच बजे वांछित, उद्घोषित अपराधियों, चोरी, लूट, अवैध हथियार, मादक पदार्थों, जुआ अधिनियम, स्नैचिंग समेत विभिन्न आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को धरपकड़ को लेकर विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस सर्च अभियान के दौरान जिले भर में पुलिस की 32 टीमें बनाई गई। जिसमें डीएसपी, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज, पीसीआर व जिला की सभी सीआईए यूनिटों समेत करीब 250 पुलिस कर्मचारियों ने अलग-अलग जगहों पर दबिश दी। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने 73 स्थानों पर छापेमारी कर 11 आरोपियों को दबोचा है।
इस दौरान पुलिस ने तीन मामले मादक पदार्थ व एक शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज किया है। पुलिस ने इस दौरान अन्य मामलों समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे 26 किलो चूरापोस्त, 7 ग्राम हेरोइन, दो अवैध पिस्तौल व एक कारतूस बरामद किया है। सर्च अभियान के दौरान शहर रतिया पुलिस ने स्नैचिंग मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं थाना शहर फतेहाबाद व पीओ स्टाफ ने 2 उद्घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। एक मामले में शहर रतिया पुलिस ने नशा सप्लायर के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिले में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कृतसंकल्प है। जिले में आपराधिक प्रवृति से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे लोगों पर पुलिस विशेष निगरानी रखे हुए हैं। आपराधिक प्रवृति के लोग अपराध को त्याग कर समाज मे जन कल्याण का कार्य करें।
- आस्था मोदी, पुलिस अधीक्षक