अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। अब तक जिले में सीबीएसई परीक्षा के दौरान ही मुन्ना भाई सामने आए थे, लेकिन शनिवार को भिवानी बोर्ड की परीक्षा में भी कई सेंटरों पर अनियमितताएं देखने को मिली। फ्लाइंग टीमों ने सात परीक्षार्थियों को नकल करते काबू किया जबकि एक परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी पर तैनात अध्यापक मनोज कुमार ही बच्चों को बोल-बोलकर परीक्षा के जवाब बताता मिला। उक्त अध्यापक को उसकी ड्यूटी से तुरंत प्रभाव रिलीव कर दिया गया। इसके अलावा डीसी फ्लाइंग टीम ने भोडिय़ाखेड़ा हाई स्कूल के बाहर अत्यधिक भीड़ को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज करवाई है।
जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग ने बताया कि फतेहाबाद के सीनियर माडल स्कूल में चेयरमैन स्पेशल फ्लाइंग टीम ने पांच परीक्षार्थियों को नकल करते हुए रंगे हाथों काबू किया है। सभी परीक्षार्थी पर्चियों की मदद से नकल कर रहे थे। इसके अलावा डीसी फ्लाइंग द्वारा फतेहाबाद के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एवं भोडिय़ाखेड़ा हाई स्कूल में दो फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा, लेकिन उक्त दोनों ही मामलों में आरोपी युवक फ्लाइंग टीम का हाथ छुड़ाकर मौके से फरार हो गए। केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भी कुछ दूर तक उक्त फर्जी परीक्षार्थियों का पीछा किया, लेकिन उक्त आरोपी मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार डीसी फ्लाइंग टीम में शामिल जिया लाल बंसल, शीशपाल एवं मीना चुघ जब गर्ल्स स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर चेकिंग कर रहे थे तो उन्हें एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगी। इस पर टीम ने युवक को खड़ा कर उनके एडमिट कार्ड की गंभीरता से जांच की तो पाया कि युवक फर्जी परीक्षार्थी है और कृष्ण नामक परीक्षार्थी की जगह पर परीक्षा दे रहा था। इसी तरह गांव भोडिय़ाखेड़ा के हाई स्कूल में भी इसी तरह एक फर्जी परीक्षार्थी कुलदीप सिंह नामक परीक्षार्थी के स्थान पर पेपर देते हुए मिला। टीम ने इस सेंटर के बाहर अत्यधिक भीड़ पर आपत्ति जताते हुए विभाग को अपनी रिपोर्ट भी भेजी है।
एक अन्य मामले में प्रश्नपत्र स्पेशल फ्लाइंग टीम ने भोड़ियाखेड़ा के ही बाल निकेतन स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर औचक निरीक्षण किया तो वहां एक कमरे में ड्यूटी पर तैनात अध्यापक मनोज कुमार बच्चों को बोल-बोलकर जवाब बता रहा था। टीम ने अध्यापक को ड्यूटी से रिलीव कर दिया गया। उधर बोर्ड सचिव की स्पेशल फ्लाइंग टीम ने शनिवार को तीन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और उसमें से दो परीक्षा केंद्रों गोरखपुर व चिंदड़ गांव में कोई पर्यवेक्षक नहीं मिला। इस बारे में औपचारिक रिपोर्ट भिवानी बोर्ड के अधिकारियों को भेज दी गई है।