अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। टोहाना के विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए कहा है कि यह किसानों के हित में एक बहुत बड़ी योजना है। देश के इतिहास में किसान हित के लिए ऐसी कोई योजना नहीं बनी थी। बराला रविवार को फतेहाबाद की अनाज मंडी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गोरखपुर (यूपी) से शुरू किए गए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाइव प्रसारण के बाद किसानों को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी के गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू की और किसानों के खातों में ऑनलाइन माध्यम से इस योजना की पहली किश्त के 2 हजार रुपये डाले। इस योजना से जिला के किसानों को भी फायदा मिला है। बराला ने कहा कि जल्द ही प्रदेश सरकार की ओर से उनको एक बड़ी सौगात दी जाएगी। यह सौगात केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम-किसान) से अलग होगी। सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2 हेक्टेयर तक की संयुक्त जोत/ स्वामित्व वाले छोटे एवं सीमांत कृषक परिवारों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये दिए जाएंगे। यह राशि 2000 रुपये प्रत्येक की तीन किस्तों में दी जाएगी। बराला ने प्रदेश सरकार द्वारा टोहाना में मंजूर किए गए कैंसर अस्पताल के लिए धन्यवाद किया और यह कैंसर जिला के लिए ही नहीं बल्कि सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को इलाज देगा। इस अवसर पर एडीसी डॉ सुभीता ढाका, एसडीएम सरजीत नैन, जिलाध्यक्ष वेद फुलां, पूर्व विधायक स्वतंत्र बाला चौधरी, रामराज मेहता, आत्म प्रकाश मेहता, गुलशन हंस, द्रुगेश अरोड़ा, बलदेव ग्रोहा, लक्ष्मण नापा, डीडीए डॉ बलवंत सहारण, डीडीपीओ अनुभव मेहता, डीआरओ बाल कृष्ण, चेयरमैन श्याम कंबोज, रमेश सिंगला आदि मौजूद रहे।