प्रवेश सामा और वैभव को मिला पहला स्थान
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। जिला स्तरीय यूथ रेडक्रास प्रशिक्षण शिविर में मनोहर मेमोरियल पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों का दबदबा रहा। इस प्रशिक्षण शिविर में कॉलेज के 10 विद्यार्थियों ने भाग लिया जिसमें 5 लड़के व 5 लड़कियां शामिल थीं। मनीषा रानी, प्रियंका, शर्मिला जांगड़ा, अंजु, सरीना, वैभव, प्रवेश सामा, पंकज, दीपक बिश्नोई और अमित इन सभी विद्यार्थियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एमएम कॉलेज के छात्र प्रवेश सामा द्वारा शिविर के 5 दिन मंच का संचालन किया गया वहीं उसने शिविर में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा कॉलेज के विद्यार्थी वैभव ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। कॉलेज पहुंचने पर छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया। प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। जिला स्तरीय यूथ रेडक्रास प्रशिक्षण शिविर का आयोजन एमएम कॉलेज ऑफ एजुकेशन में किया गया था जिसका शुभारंभ एसडीएम द्वारा किया गया। शिविर में प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण, भाषण प्रतियोगिता, रेडक्रास के कार्यकर्ताओं को सामाजिकता के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा प्रशिक्षण में नशामुक्ति, जल संरक्षण, नारी सशक्तिकरण, एचआईवी एड्स, हैपेटाइटिस, अंगदान, रक्तदान, यातायात के नियमों, स्वास्थ्य जांच, योग, स्वच्छता अभियान इत्यादि विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।